हाथी को परेशान करने वालों पर वन विभाग का शिकंजा, तीन गिरफ्तार

कोरबा वनमंडल के वन परिक्षेत्र कुदमुरा अंतर्गत ग्राम जिलगा में हाथी को ट्रैक्टर के माध्यम से परेशान करने के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया है। वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ और उन्हें परेशान करने के मामले में विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद वनमंडलाधिकारी कोरबा के निर्देश पर गठित टीम द्वारा लगातार जांच और आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में 24 नवंबर को उपवनमंडल अधिकारी कोरबा तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी कुदमुरा एवं पसरखेत की उपस्थिति में वन विभाग के मैदानी अमले ने ग्राम जिलगा में सघन तलाश अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को गांव की एक बाड़ी में छिपाकर रखा हुआ पाया गया। वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ट्रैक्टर चालक दिग्विजय के पास वाहन चलाने का ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।मामले की विवेचना और पतासाजी के बाद प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर वन विभाग ने 25 नवंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार जेल दाखिल कराया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. दिग्विजय, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम जिलगा, थाना श्यांग, जिला कोरबा।
  2. सुकनंदन, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम जिलगा, थाना श्यांग, जिला कोरबा।
  3. सब्बीर खान, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम जिलगा, थाना श्यांग, जिला कोरबा।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

वन विभाग द्वारा आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9 सहपठित धारा 2(16)(ख), 2(35), 2(36), 39(1)(घ), 50(1)(ग), 51 एवं 52 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

वन विभाग की आम नागरिकों से अपील

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों को परेशान करने, उनका पीछा करने अथवा वाहनों से उनके नजदीक जाने जैसी गतिविधियों से बचें। विभागीय निर्देशों का पालन करें और मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम में सहयोग दें।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी की जा रही है। वन्यजीवों को परेशान करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

✍️ विजय मेश्राम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!