कोसाबाड़ी पैरिश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया ख्रीस्त राजा पर्व

कोरबा | कोसाबाड़ी पैरिश के कैथोलिक समुदाय ने प्रार्थना, भक्ति और उत्साह के साथ ख्रीस्त राजा पर्व मनाया। इस अवसर पर रविवारीय पूजनविधि का संचालन पल्ली पुरोहित फादर अजय कुजूर ने किया। उनके साथ फादर कंचन लकड़ा एवं फादर संजीव खाखा उपस्थित रहे। निर्मला स्कूल और संत फ्रांसिस इंग्लिश स्कूल की धर्मबहनों सहित आरसी चर्च कोसाबाड़ी, कोरबा डी-1 के मसीही समुदाय ने आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई।

प्रवचन में फादर अजय कुजूर ने बताया कि ख्रीस्त राजा पर्व की शुरुआत वर्ष 1925 में पोप पियुस ग्यारहवें ने की थी। उस समय विश्व युद्ध और राजनीतिक अस्थिरता के बीच मसीह को सर्वोच्च राजा घोषित करते हुए शांति और एकता का संदेश दिया गया था। उन्होंने कहा कि यीशु मसीह प्रेम, बलिदान, न्याय और करुणा के माध्यम से जीवन का सच्चा मार्ग दिखाते हैं। उनका राज्य भौतिक सत्ता का नहीं, बल्कि प्रेम, शांति और भाईचारे का राज्य है।

उन्होंने बताया कि ख्रीस्त राजा पर्व आगमन काल से पहले मनाया जाता है, जो प्रभु यीशु के जन्म की तैयारी का समय है। यह पर्व श्रद्धालुओं को अपने हृदय में मसीह के स्वागत के लिए तैयार होने तथा सामाजिक और सांस्कृतिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने प्रेम, एकता, शांति और भाईचारे का संदेश आत्मसात किया।

✍️ विजय मेश्राम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!