जर्जर स्कूल भवन के कारण पंचायत भवन में लग रही कक्षाएं

चैतमा: ग्राम पंचायत चैतमा के चारपारा मोहल्ले में स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल का भवन जर्जर हो चुका है। भवन की खराब स्थिति के कारण पिछले दो वर्षों से स्कूल की कक्षाएं ग्राम पंचायत भवन में संचालित की जा रही हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवेदन किया जा चुका है, लेकिन अब तक भवन निर्माण को मंजूरी नहीं मिलने के कारण उनकी मांग अधूरी है।

ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया था। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर जर्जर स्कूल भवन की स्थिति का जायजा लिया था।

नया स्कूल भवन नहीं बनने के कारण चारपारा प्राथमिक स्कूल की कक्षाएं ग्राम पंचायत भवन में लग रही हैं। पंचायत भवन स्कूल से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इससे अध्ययनरत बच्चों को रोजाना स्कूल आने-जाने में अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।

वहीं, छपराही पारा स्थित प्राथमिक स्कूल का भवन भी कई वर्षों से जर्जर अवस्था में है। ग्रामीणों ने दोनों स्कूल भवनों की स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द नए भवन निर्माण की स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!