“आंगनबाड़ी में बचपन की ‘धुलाई’! नन्हे हाथों में किताबों की जगह जूठे बर्तन, वीडियो वायरल”

कोरबा। बच्चों के हाथों में किताबें और खिलौने होने चाहिए, लेकिन कोरबा जिले के एक आंगनबाड़ी केंद्र से सामने आए वीडियो ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागिन भाटा सुमेधा स्थित वार्ड क्रमांक 55 के आंगनबाड़ी केंद्र में मासूम बच्चों से जूठे बर्तन धुलवाए जाने का मामला सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सामने आए वीडियो में छोटे-छोटे बच्चे बर्तन साफ करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ाई और पोषण आहार प्राप्त करने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बच्चों से इस तरह का काम कराए जाने का मामला चिंताजनक माना जा रहा है।

बच्चों के भविष्य को संवारने की जगह कराया जा रहा काम?

आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना छोटे बच्चों को पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। यहां बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने के साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर ध्यान दिया जाता है। लेकिन वार्ड क्रमांक 55 से सामने आए इस वीडियो ने केंद्र की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग की निगरानी पर सवाल

इस मामले ने महिला एवं बाल विकास विभाग की निगरानी व्यवस्था को भी सवालों के घेरे में ला दिया है। आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों की जिम्मेदारी बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की है। ऐसे में बच्चों से बर्तन धुलवाए जाने का आरोप गंभीर जांच का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!