
संवाददाता: विजय मेश्राम
कोरबा: निर्माणाधीन मकान से लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक और प्लंबिंग सामान की चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 3 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है।
प्रार्थी गुलशन वासन के निर्माणाधीन मकान से 2 से 6 अक्टूबर के बीच बिजली वायर, स्विच बोर्ड, लाइट, ट्रैक लाइट, स्ट्रीट लाइट सहित प्लंबिंग सामग्री चोरी हुई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस की कार्रवाई में रहीम खान, रईस खान, साहिम खान, मुकेश अग्रवाल, दीनदयाल अग्रवाल और नीरज अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में चोरी करने वालों के साथ चोरी का सामान खरीदने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू की निगरानी में पुलिस टीम द्वारा कम समय में आरोपियों की पहचान कर चोरी का सामान बरामद करना पुलिस की सक्रियता और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई का उदाहरण माना जा रहा है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले में अपराध क्रमांक 823/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
कोरबा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें।






