बाथरूम में धुलते मिले होटल के बर्तन, वीडियो वायरल

न्यू दिल्ली स्वीट्स निहारिका की स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल, खाद्य सुरक्षा विभाग ने नोटिस की कही बात

कोरबा शहर के निहारिका क्षेत्र स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद होटल की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में होटल के बर्तनों को बाथरूम में धोते हुए देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, न्यू दिल्ली स्वीट्स पहुंचे एक ग्राहक ने बर्तनों की सफाई का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। लोगों का सवाल है कि खाद्य सामग्री तैयार करने और ग्राहकों को परोसे जाने वाले बर्तनों की सफाई के लिए क्या इस तरह की व्यवस्था स्वच्छता के निर्धारित मानकों के अनुरूप है।

वीडियो को लेकर होटल कर्मचारियों से सवाल किए जाने पर बताया गया कि इमरजेंसी की स्थिति में बर्तन वहां धुलवाए जा रहे थे। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही व्यवस्था ने होटल की स्वच्छता प्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता का सीधा संबंध ग्राहकों के स्वास्थ्य से जुड़ा होने के कारण मामले को गंभीरता से देखे जाने की मांग उठ रही है।

वहीं, होटल प्रबंधन के मैनेजर मुकेश स्वर्णकार से इस संबंध में उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

इधर, वायरल वीडियो के संबंध में मोबाइल पर संपर्क करने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि मिठाई दुकान को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह है कि बाथरूम में बर्तनों की सफाई की व्यवस्था खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ विभाग द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर लोगों की नजर बनी हुई है।

वायरल वीडियो ने एक बार फिर खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!