पूर्व प्रेमिका से नजदीकी को लेकर रंजिश, नाबालिग पर कैंची से जानलेवा हमला

Written by:  संजय मेश्राम

कोरबा: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरीपारा में प्रेम-प्रसंग को लेकर एक युवक द्वारा नाबालिग किशोर पर कैंची से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में किशोर के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक पथरीपारा निवासी 18 वर्षीय सागर यादव का एक नाबालिग लड़की से प्रेम-प्रसंग था। कुछ समय बाद लड़की ने सागर से दूरी बना ली और मोहल्ले में रहने वाले एक अन्य नाबालिग किशोर के करीब आ गई। इसी बात को लेकर सागर उस किशोर से रंजिश रखने लगा था।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात सागर और नाबालिग किशोर का आमना-सामना हो गया। दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर सागर ने अपने पास रखी कैंची से किशोर के चेहरे पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से किशोर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी आस्था शर्मा के अनुसार, पुलिस ने घायल किशोर का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और आरोपी सागर यादव को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई है।

पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के नाबालिग रहने के दौरान भी उसे एक अन्य मामले में बाल सुधार गृह भेजा गया था।फिलहाल पुलिस ने आरोपी सागर यादव के खिलाफ BNS की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!