
कोरबा: आगामी दशहरा पर्व के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा कोतवाली पुलिस ने असामाजिक तत्वों और बदमाश प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने 7 आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देश पर थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई। 18 अक्टूबर 2026 को सात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई की जद में शहबाज अली उर्फ बुट्टू उर्फ गोलू, अनुराग कुमार खुटे, दीपक सोनवानी, मोहन केवट, विशाल दास, छोटू यादव और सूरज दास महंत शामिल हैं।
लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी भी गिरफ्तार
इसी कार्रवाई के दौरान कोतवाली पुलिस ने सुखलाल यादव (48 वर्ष), निवासी रामसागर पारा, दलिया गोदाम हनुमान गली, को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कोरबा के प्रकरण क्रमांक 83/2019 में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने हुड़दंग, मारपीट, शराब पीकर गाली-गलौज अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर देने की अपील की है।






