
बलौदा: वार्ड नंबर 13 में जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर पार्षद व वार्डवासियों के धरना प्रदर्शन के बाद पीडब्ल्यूडी ने शुक्रवार को कोरबा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर नाली निर्माण शुरू कर दिया। 9 अक्टूबर को नगर पंचायत परिसर में धरना देकर लोगों ने जाम नालियों और सड़कों पर बहते गंदे पानी के खिलाफ आवाज उठाई थी।
धरने के बाद अधिकारियों ने 15 दिनों के भीतर समस्या दूर करने का लिखित आश्वासन दिया था। मांग पूरी नहीं होने पर पार्षद ने उग्र आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी दी थी। समस्या की मुख्य वजह सड़क के नीचे दबा वर्षों पुराना ह्यूम पाइप है, जिससे नालियों की निकासी बाधित हो रही थी। निर्माण शुरू होने से किशोर गली, देवार मोहल्ला और अन्य प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।





