
कोरबा: शादी का झांसा देकर युवती के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार अडानी पावर प्लांट, पताढ़ी के एचआर कर्मचारी पवन महतो को लेकर अब एक नया विवाद सामने आया है। जिला अस्पताल, कोरबा की सामने आई तस्वीर को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं कि आरोपी अस्पताल में आराम फरमा रहा है। वहीं, पुलिस अभिरक्षा के दौरान गुटखा खाने और मोबाइल चलाने के आरोपों ने भी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गिरफ्तारी के बाद अस्पताल में आराम करने का मामला
जानकारी के अनुसार, पवन महतो के खिलाफ सिविल लाइन थाना, कोरबा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने शादी का वादा कर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी करने से मुकर गया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
इसी बीच जिला अस्पताल की तस्वीर सामने आने के बाद आरोपी को मिल रही सुविधाओं और पुलिस अभिरक्षा में उसकी निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती या उपचार के दौरान आरोपी आराम करता नजर आया, जबकि कस्टडी में उसके मोबाइल इस्तेमाल करने और गुटखा खाने की भी चर्चा है।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति
गिरफ्तार आरोपी को अस्पताल में किन परिस्थितियों में रखा गया था और तस्वीर किस समय की है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि पुलिस अभिरक्षा से जुड़े आरोपों की सच्चाई सामने आ सके और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई हो सके।






