आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल का पंजीयन एक साल के लिए निलंबित

कोरबा | आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को मुफ्त इलाज देने में अनियमितता पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने कटघोरा स्थित हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल का पंजीयन एक साल के लिए निलंबित कर दिया है। 30 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें मरीजों के परिजनों से नगद राशि लेने, भर्ती रिकॉर्ड में दर्ज 68 मोबाइल नंबर गलत या बंद मिलने और नवजात शिशुओं के इलाज में अनियमितताएं सामने आईं। इसके अलावा पैथोलॉजी और अल्ट्रासोनोग्राफी के अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए गए।

अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिला। सीएमएचओ एसएन केशरी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की जुलाई 2026 की गाइडलाइन के तहत कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत नए मरीज भर्ती नहीं कर सकेगा। साथ ही अस्पताल परिसर से योजना से संबंधित प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!