
कोरबा | ऑनलाइन सट्टा और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कोरबा कोतवाली पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। कोतवाली प्रभारी प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा खेलते आदतन सटोरिया मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की (43) को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा है।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे आरोपी मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है और सट्टा-पट्टी भी लिख रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी के मोबाइल की जांच में श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे और कल्याण जैसी ऑनलाइन सट्टा साइटों से संबंधित जानकारी तथा विभिन्न अंकों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिले। पुलिस ने मौके से मोबाइल, सट्टा-पट्टी और नगद रकम जब्त की। साथ ही फोन-पे के माध्यम से लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 968/2026, धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई है।
कोतवाली प्रभारी प्रेमचंद साहू की सक्रियता और सख्त नेतृत्व में पुलिस की यह कार्रवाई अवैध सट्टा गतिविधियों पर प्रभावी प्रहार मानी जा रही है। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से सट्टा-जुआ से दूर रहने और ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस या डायल 112 पर देने की अपील की है।
✍️विजय मेश्राम






