दिवाली के दौरान विवादों ने लिया हिंसक रूप, चाकू और कैंची से हमले में 5 लोग घायल

कोरबा | जिले में दिवाली के त्योहारी सीजन के दौरान मामूली बातों और आपसी विवादों ने हिंसक रूप ले लिया। छोटी-छोटी बातों पर हुए विवाद में चाकू और कैंची से जानलेवा हमले की कई घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि एक मामले में पत्नी ने ही अपने पति पर कैंची से हमला कर दिया। सभी मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रसाद लाने की बात पर पत्नी ने पति पर किया कैंची से हमला

पहली घटना शहर के सीएसईबी चौकी अंतर्गत पंप हाउस मैगजीन भांठा की है। दिवाली की रात घर में प्रसाद लाने की बात को लेकर जितेंद्र सुर्गे और उसकी पत्नी ज्योति सुर्गे के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ज्योति ने घर में रखी कैंची से पति के सीने और पीठ पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल जितेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

दुकान के सामने गिट्टी-रेत हटाने को लेकर चाकूबाजी

दूसरी घटना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामणी इलाके की है। दिवाली से एक दिन पहले दुकान के सामने पड़ी गिट्टी-रेत हटाने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी संतोष प्रजापति ने श्री बालाजी स्पोर्ट्स के संचालक रमेश साहू और उनके भाई विकास साहू पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में रमेश साहू के चेहरे पर गंभीर चोट आई थी।

फोन पर बुलाने के बाद घर पहुंचने पर किया चाकू से हमला

तीसरी घटना रजगामार चौकी क्षेत्र के आंछीमार गांव की है। यहां रहने वाला कुंदन भट्ट पेशे से ड्राइवर है। दिवाली के अगले दिन गांव के जोगी राम मिरी ने उसे फोन कर अपने घर बुलाया था, लेकिन कुंदन सीधे अपने घर चला गया। इसी बात से नाराज होकर जोगी राम रात में कुंदन के घर पहुंचा और शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने कुंदन के पेट पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे आशीष भट्ट की उंगली में भी चाकू से चोट आई।

किशोर के साथ मारपीट, चूड़ा और कैंची से किया हमला

एक अन्य घटना सोमवार को कुसमुंडा थाना क्षेत्र के गेवरा बस्ती की है। यहां एक किशोर को बाइक से पहुंचे नीरज बिंझवार, सत्यम और दिनेश रात्रे ने रास्ते में रोक लिया। युवकों ने किशोर पर लड़कियों को छेड़ने का आरोप लगाते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों के साथ चूड़ा और कैंची से हमला कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किए मामले

त्योहारी सीजन के दौरान सामने आई इन घटनाओं ने आपसी विवादों के हिंसक रूप लेने और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!