करंट की चपेट में आने से महिला की मौत, टुल्लू पंप चालू करते समय हुआ हादसा

कोरबा | सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बेंदरकोना में करंट की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला घर की बाड़ी में स्थित कुएं में नहाने के लिए टुल्लू पंप चालू कर रही थी, तभी वह करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है। जानकारी के अनुसार, बेंदरकोना निवासी रामप्रसाद कंवर रोज की तरह बकरी चराने जंगल गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी मंजरी बाई अकेली थी। वह नहाने के लिए बाड़ी स्थित कुएं के पास पहुंची और टुल्लू पंप चालू करने लगी। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई।

कुछ देर बाद रामप्रसाद का पुत्र बाड़ी में पहुंचा तो उसकी मां कुएं के पास बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। उसके दोनों हाथ झुलसे हुए थे। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!