
बंद होने के दावों के बीच फिर पकड़ा गया डीजल चोरी का मामला, विस्तृत जांच से सामने आ सकता है बड़ा गिरोह
दीपका: एसईसीएल के दीपका खदान क्षेत्र में डीजल चोरी का मामला सामने आया है। CISF की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 200 लीटर डीजल और चोरी में इस्तेमाल किया गया कैम्पर वाहन जब्त किया गया है। जब्त डीजल की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
CISF महिला निरीक्षक गायत्री कुमारी की रिपोर्ट के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे खदान क्षेत्र में गश्त के दौरान कैम्पर वाहन में चोरी का डीजल छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने वाहन की जांच की, जहां चार लोग मौजूद थे। CISF टीम को देखते ही दो लोग फरार हो गए, जबकि बुधमान बिंझवार और नवधा पटेल को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने एसईसीएल की डोजर मशीन के डीजल टैंक से पाइप के जरिए करीब 200 लीटर डीजल निकालने और उसे बेचने के लिए छिपाकर रखने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में फरार नवीन साहू और चुणामणी कश्यप की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
बंद होने के दावों के बीच फिर उठा सवाल
इस घटना ने दीपका खदान क्षेत्र में डीजल चोरी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। डीजल चोरी का मामला सामने आना इस बात की ओर संकेत करता है कि चोरी की गतिविधियां पूरी तरह बंद होने के दावों के बावजूद अभी भी जारी हो सकती हैं। केवल चोरी बंद होने की बात कहकर हल्ला करने के बजाय पूरे मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच की जरूरत है।
पुलिस कप्तान को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यह पता लगाने की जरूरत है कि पकड़े गए आरोपियों के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हैं, चोरी का डीजल कहां खपाया जाता था और इस पूरे नेटवर्क में अन्य किन लोगों की भूमिका है। विस्तृत जांच होने पर ही डीजल चोरी के पूरे गिरोह और उसके नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।






