
28 अगस्त को खपरगंज में हुआ था हिंसक विवाद, पुलिस पर पथराव में टीआई समेत 9 पुलिसकर्मी हुए थे घायल
बिलासपुर के खपरगंज में 28 अगस्त को हुए गुटीय संघर्ष और पथराव के मामले में फरार मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह को पुलिस ने मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार किया है। बिलासपुर पुलिस और एसीसीयू की विशेष टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे एक करीबी दोस्त के घर से पकड़ा।
घटना के बाद से राम सिंह लगातार फरार चल रहा था। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताते हुए सरेंडर करने की बात कही थी।
गौरतलब है कि 28 अगस्त की रात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट, तोड़फोड़ और पथराव में बदल गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें तारबाहर थाना प्रभारी समेत करीब 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। हालात पर काबू पाने पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा था।
मामले में दूसरे पक्ष के आरोपी सोहेल खान समेत 30 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने अब राम सिंह को भी पन्ना से गिरफ्तार कर लिया है। उसे बिलासपुर लाकर घटना में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे विवाद को लेकर पूछताछ की जाएगी।






