
गिधौरी पंचायत के तुमान खोली से तुमान जाने वाले तिकोनिया मार्ग की बदहाली, सड़क पर पानी भरने से पैदल चलना और वाहन निकालना भी मुश्किल
कोरबा: जिले के गिधौरी पंचायत अंतर्गत तुमान खोली से तुमान जाने वाले मार्ग पर बरसात शुरू होते ही ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क पर पानी खचाखच भर जाने से लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को पैदल निकलने और दोपहिया वाहन चालकों को सड़क पार करने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कई सालों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
तालाब का पानी बन रहा परेशानी की वजह: स्थानीय निवासी के अनुसार, गांव के पहले एक तालाब है, जिसमें आसपास के खेतों का पानी पहुंचता है। बारिश के दौरान तालाब का जलस्तर बढ़ने और पानी ओवरफ्लो होने से पानी सड़क पर बहने लगता है। इससे तिकोनिया मार्ग पर जलभराव की स्थिति बन जाती है। सड़क पर पानी जमा रहने से आवागमन मुश्किल हो जाता है और ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी परेशान होना पड़ता है।
हर साल परेशानी, समाधान का इंतजार: ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह समस्या हर साल सामने आती है। सड़क पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लंबे समय तक भरा रहता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके बावजूद कई सालों से चली आ रही इस समस्या का निराकरण नहीं हो पाया है।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क की जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि बरसात के दिनों में आवागमन सुचारु हो सके और लोगों को हर साल इस परेशानी से न जूझना पड़े।






