पीड़ित परिवार से मिले समाज के पदाधिकारी, न्याय दिलाने का दिया भरोसा

सात वर्षीय बालिका की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में आक्रोश, निष्पक्ष जांच की उठी मांग

कोरबा | जिले के रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। तीन दिन पहले लापता हुई बालिका का शव चौथे दिन पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं गैर-राजनीतिक सामाजिक संगठन के पदाधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और दुख की इस घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

पदाधिकारियों ने कहा कि इतनी कम उम्र की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत बेहद दुखद और गंभीर मामला है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व भी है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

मुलाकात के दौरान पदाधिकारियों ने बालिका के साथ संभावित यौन अपराध के बाद हत्या किए जाने की आशंका भी जताई और इस पहलू सहित सभी संभावित पहलुओं की निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

सामाजिक संगठनों ने भरोसा दिलाया कि वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय की मांग को लेकर आवश्यक सहयोग करते रहेंगे। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें जांच पर टिकी हैं और लोग चाहते हैं कि मामले का जल्द खुलासा हो तथा सच्चाई सामने आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!